मॉस्को – रूस में कड़ाके की सर्दी में लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई इलाकों में टेम्परेचर माइनस से 50 डिग्री तक नीचे चला गया। मंगलवार को यहां के यकुतिया रीजन में पारा माइनस 67 डिग्री तक चला गया। आमतौर पर थर्मामीटर माइनस 50 डिग्री तक का पारा रिकॉर्ड कर सकते हैं, लेकिन टेम्परेचर इससे कम होने के चलते यहां थर्मामीटर तक खराब हो गए हैं। बता दें कि 10 लाख की पॉपुलेशन वाला यकुतिया रूस के सबसे ठंडे इलाकों में से एक है। यहां बच्चों ने माइनस 40 डिग्री की सर्दी में भी स्कूल जाना बंद नहीं किया था। हालांकि, मंगलवार को पुलिस ने लोगों को घर से ना निकलने की वॉर्निंग जारी की है। रूस के न्यूजपेपर साइबेरियन टाइम्स के मुताबिक, रूस के ओयम्याकोन गांव में भी टेम्परेचर माइनस 67 डिग्री दर्ज किया गया। बता दें कि अबतक दुनियाभर में सबसे ज्यादा ठंड 1993 में ओयम्याकोन में ही पड़ी थी। तब यहां का टेम्परेचर माइनस 71 डिग्री दर्ज किया गया था। इन्वेस्टिगेटर्स के मुताबिक, बीते हफ्ते अपनी कार ठीक करने जा रहे 5 में से 2 लोगों की ठंड से मौत हो गई थी। हालांकि, गर्म कपड़ों की वजह से 3 अन्य लोगों की जान बचा ली गई।

Be the first to comment