नई दिल्लीः भारत में हर साल होने वाले क्रिकेट के सबसे रोमांचक टूर्नामेंट इंडियन प्रीमीयर लीग(आईपीएल) 2018 का आगाज अप्रैल में शुरू होने वाला है, लेकिन इससे पहले भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए निराश कर देने वाली खबर सामने आई है। खबर है कि 2019 में होने वाला आईपीएल सीजन 12 भारत में नहीं बल्कि किसी बाहरी देश में खेला जा सकता है। खबरों के अनुसार भारत में अगले साल आम चुनाव होने हैं और चुनाव के दौरान ही आईपीएल का 12वां सीजन भी शुरू होगा जिससे इन दोनों की तारीखों का टकराव हो सकता है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि पूरा टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में करवाया जा सकता है। इसके अलावा बीसीसीआई के सामने एक आैर चुनाैती खड़ी है। वो हैं 2019 में ही मई के महीने विश्व कप का होना। हांलाकि विश्व कप इंग्लैंड में होगा, वहीं सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित लोढा समिति की सिफारिशों के मुताबिक भारतीय बोर्ड को इस बात का ख्याल रखना होगा कि आईपीएल और वर्ल्ड कप के बीच 15 दिन का अंतर होना चाहिए। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का नियम भी है कि हिस्सा लेने वाली टीमें दो महीने पहले से आ जाएं। साल 2009 में भी आईपीएल अफ्रीकी सरज़मीं पर खेला गया था। वैसे अगर आम चुनाव की वजह से आईपीएल के कुछ ही मैच शिफ्ट होने की नौबत आई तो ये मैच यूएई में भी हो सकते हैं। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल साल 2014 में यूएई में मैच करा चुकी है। खैर, अब अफ्रीका के लोग चाहेंगे कि भारत में चुनाव अप्रैल और मई में हो ताकि उसे आईपीएल आयोजित कराने की जिम्मेदारी मिले।

Be the first to comment